ऐतिहासिक मंदिर में चोरी 
कोलकाता सिटी

चंद्रकोना के ऐतिहासिक मंदिर में चोरी

विष्णु और शीतला माता की प्राचीन मूर्तियां गायब

कोलकाता : पश्चिम मिदनापुर जिले के चंद्रकोना के क्षीरपाई नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में स्थित एक ऐतिहासिक मंदिर में चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। चोर मंदिर के गर्भगृह में रखी भगवान विष्णु और मां शीतला की प्राचीन मूर्तियां ले गए।

इसके अलावा मूर्तियों पर चढ़े सोने-चांदी के आभूषण, कांसे और पीतल के पूजा-पात्र समेत अन्य धार्मिक सामग्री भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई, जब स्थानीय निवासी और पुजारी मंदिर पहुंचे।

मंदिर का दरवाजा खुला मिला और अंदर रखी मूर्तियां व अन्य सामान गायब थे। इसके बाद घटना की सूचना तेजी से पूरे इलाके में फैल गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए। चोरी की घटना को लेकर लोगों में काफी नाराजगी देखी गई।


ताला नहीं लगाने की परंपरा बनी मुसीबत

स्थानीय लोगों के अनुसार, धार्मिक परंपरा के तहत मंदिर के मुख्य द्वार पर लंबे समय से ताला नहीं लगाया जाता था। रात में केवल लकड़ी का दरवाजा बंद कर दिया जाता था। आशंका है कि इसी का फायदा उठाकर चोर मंदिर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया।

ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले मंदिर में चोरी की घटना से लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। श्रद्धालुओं ने प्राचीन मूर्तियों और धार्मिक सामग्री की चोरी को गंभीर मामला बताते हुए दोषियों का जल्द पता लगाने की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

SCROLL FOR NEXT