कोलकाता : दिवंगत कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी की जयंती के मौके पर 13 नवंबर को कोलकाता में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। प्रतिमा रिजर्व बैंक के सामने स्थापित की गई है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पूर्व सांसद शिशिर अधिकारी, वाम मोर्चा के चेयरमैन बिमान बसु, तृणमूल सांसद सौगत राय, विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय और सीपीएम नेता सुजन चक्रवर्ती समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम को राजनीतिक रंग से अलग रखते हुए प्रियरंजन दासमुंशी के प्रति सम्मान और उनकी स्मृतियों को केंद्र में रखा जाएगा। कांग्रेस, वाम, तृणमूल और भाजपा से जुड़े उनके पुराने सहयोगियों और प्रशंसकों को भी समारोह में बुलाया जा रहा है। संस्कृति और खेल जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
प्रतिमा स्थापित करने की पहल करीब दो साल पहले बड़ाबाजार के भाजपा नेता संतोष पाठक ने की थी। उन्होंने अपने राजनीतिक गुरु प्रियरंजन दासमुंशी की प्रतिमा लगाने का फैसला किया था। बाद में इस काम को गण संस्कृति संसद के माध्यम से आगे बढ़ाया गया।
रविवार को भवानीपुर स्थित प्रियरंजन दासमुंशी भवन में संस्था के सदस्यों की बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक आयोजन भी होगा। शहर में करीब 300 होर्डिंग लगाए जाने की योजना है। इसी दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री और खेल प्रशासक प्रियरंजन दासमुंशी से जुड़ी ‘दक्षिणी बार्ता’ का विशेष अंक भी प्रकाशित किया जाएगा। इसमें बिमान बसु, सौगत राय और शोभनदेव चट्टोपाध्याय समेत कई प्रमुख लोगों के लेख शामिल किए जाने की योजना है।