मुनि रविन्द्र विजय 
कोलकाता सिटी

चातुर्मास की सार्थकता उपदेशों को जीवन में उतारने में : मुनि रविन्द्र विजय

श्री वर्द्धमान जैन संघ में कृतज्ञता ज्ञापन समारोह, मुनियों के मार्गदर्शन के प्रति श्रावक-श्राविकाओं ने जताया आभार

Ravi

कोलकाता : श्री वर्द्धमान जैन संघ में मुनि रविन्द्र विजय महाराज एवं मुनि महेन्द्र विजय महाराज के सानिध्य में चातुर्मास के समापन पर कृतज्ञता ज्ञापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुनि रविन्द्र विजय महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि साधना, आराधना, तप और धर्मोपदेशों को जीवन में अपनाना ही चातुर्मास की वास्तविक सार्थकता है। उन्होंने सभी श्रावक-श्राविकाओं के जीवन में सुख और शांति की कामना की।

चार महीने के मार्गदर्शन के प्रति जताया आभार

जैन परंपरा के अनुसार चातुर्मास के दौरान साधु-साध्वियां एक स्थान पर रहकर धर्म, साधना और तप की प्रेरणा देते हैं। इसके बाद विहार के लिए प्रस्थान करते हैं। समारोह में संघ के ट्रस्टी कमल सिंह रामपुरिया, विजय चन्द बैद, रतनचंद बांगानी, मुल्तान चन्द सुराणा, महेन्द्र सुराणा, दिलीप दुगड़ और विनीत रामपुरिया सहित अन्य सदस्यों ने मुनियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चार महीने के सानिध्य में धर्म की महत्वपूर्ण प्रेरणा मिली, जो आगे भी मार्गदर्शन करती रहेगी।

भजनों से भक्तिमय हुआ समारोह

चातुर्मास प्रबंध समिति के संयोजक माणकचन्द सेठिया, शान्तिलाल रामपुरिया, मोहनलाल कोचर और देवेन्द्र कोचर ने क्षमायाचना करते हुए पुनः पधारने का आशीर्वाद मांगा। टीकम चन्द डागा, अशोक बांठिया, सुनीता सेठिया, अंजू कोचर सहित कई श्रद्धालुओं ने भजनों और वक्तव्यों के माध्यम से आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन आशीष कोचर ने किया।

SCROLL FOR NEXT