विक्रम कुमार साहू ने दुकान को तस्वीरों से सजाया 
कोलकाता सिटी

पीएम ने जिस दुकान पे खायी थी झालमुड़ी याद में दुकानदार ने मनाया जन्मदिन

झाड़ग्राम के विक्रम कुमार साहू ने दुकान को तस्वीरों से सजाया, ग्राहकों को परोसी खास झालमुड़ी

Ravi

कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झाड़ग्राम दौरे के दौरान सड़क किनारे एक छोटी-सी झालमुड़ी की दुकान पर हुआ कुछ मिनटों का ठहराव अब भी दुकानदार विक्रम कुमार साहू के लिए खास याद बना हुआ है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर साहू ने उसी मुलाकात को याद करते हुए अपनी दुकान पर विशेष तरीके से दिन मनाया।

राज कॉलेज मोड़ के पास स्थित ‘चावन लाल स्पेशल झालमुड़ी’ स्टॉल पर साहू ने प्रधानमंत्री के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरें लगाईं और ग्राहकों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक मात्रा में झालमुड़ी परोसी।

साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री के उनकी दुकान पर आकर झालमुड़ी खाने का वह क्षण उनके लिए कभी न भूलने वाला है। इसी याद को ताजा रखने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का जन्मदिन दुकान पर मनाने का निर्णय लिया।

कुछ मिनटों की मुलाकात ने बदल दी पहचान

अप्रैल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झाड़ग्राम में चुनावी कार्यक्रमों के बीच प्रधानमंत्री मोदी अचानक साहू की दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने दुकानदार से बातचीत की और झालमुड़ी का स्वाद लिया। इस दौरान खींची गई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल से साझा किए गए फुटेज ने भी इस घटना को व्यापक पहचान दिलाई।

मुलाकात के बाद साहू की दुकान पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई। कई लोग वहां प्रधानमंत्री के साथ हुई मुलाकात को दोहराने, वीडियो बनाने और सोशल मीडिया रील तैयार करने पहुंचने लगे। इस दौरान दुकानदार को बार-बार उस छोटी-सी मुलाकात की कहानी भी लोगों को सुनानी पड़ी।

चुनावी चर्चा में भी छाई रही झालमुड़ी

प्रधानमंत्री के झालमुड़ी खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुआ और कुछ ही समय में इससे जुड़े वीडियो और पोस्ट बड़े पैमाने पर प्रसारित हुए। चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी भी पश्चिम बंगाल में भाजपा के कई कार्यक्रमों और सोशल मीडिया सामग्री में दिखाई देने लगी।

करीब पांच महीने बाद प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर साहू ने एक बार फिर उसी घटना को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए इस पूरे प्रसंग की सबसे महत्वपूर्ण बात वह कुछ मिनट हैं, जब देश के प्रधानमंत्री उनकी छोटी-सी दुकान पर रुके और झालमुड़ी का स्वाद लिया।

SCROLL FOR NEXT