काकद्वीप : ऐतिहासिक गंगासागर मेले में कपिलमुनि मंदिर के सामने स्थित सड़क संख्या दो के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण पहले ही तीर्थयात्रियों की सुविधा हेतु स्थायी कंक्रीट सड़क के निर्माण पर विशेष बल दिया गया है। इस संबंध में सिंचाई विभाग से विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सागर मेला ग्राउंड में सड़क संख्या 1 से 6 तक की सड़कें पूरी तरह धंस चुकी हैं। सड़क धंसान को लेकर प्रशासन लगातार सतर्क है। समुद्र तट के कटाव को लेकर भी प्रशासन सजग है। दक्षिण 24 परगना जिला के जिलाधिकारी सुमित गुप्ता ने काकद्वीप एसडीओ कार्यालय में वर्ष 2026 के गंगासागर मेले की पहली तैयारी बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत में उक्त बातें कहीं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष के मेले से सीख लेकर इस बार पहले से ही ड्रेजिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले साल ड्रेजिंग के चलते 24 घंटे यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित रही थी। इस बैठक में सिंचाई विभाग, डिजास्टर मैनेजमेंट सहित अन्य विभागों की अहम भूमिका को रेखांकित किया गया।
मंत्री बंकिम चंद्र हाजरा ने मेले की सुरक्षा और विकास कार्यों पर दिया जोर
सुंदरवन विकास मामलों के मंत्री बंकिम चंद्र हाजरा ने बताया कि कपिलमुनि मंदिर के सामने हर साल अस्थायी सड़क बनाने से सरकार को लगभग 3–4 करोड़ रुपये का नुकसान होता है, क्योंकि ये सड़कें हर बार कटाव में समा जाती हैं। इस बार स्थायी कंक्रीट नदी बांध एवं सड़क निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा नामखाना प्वाइंट पर स्थायी जेटी निर्माण की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। चूंकि इस बार पूर्ण कुंभ का मेला नहीं है, इसलिए वर्ष 2026 के गंगासागर मेले में तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मेला क्षेत्र में बफर जोन की योजना को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) की व्यवस्था गत वर्ष की तरह ही दुरुस्त रखने की बात कही गई है। इस बैठक में मथुरापुर के सांसद बापी हालदार, एडीएम जनरल अनीश दास गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष नीलिमा मिस्त्री, सुंदरवन पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटेश्वर राव सहित सिंचाई, अग्निशमन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, नागरिक सुरक्षा सहित मेले के आयोजन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।