कोलकाता सिटी

पुलिस इन दिनों बनती जा रही है घटनाओं की मूक दर्शक

पुलिस के पहरे में टीचर जाएंगे पढ़ाने

काकद्वीप थाने के ओसी देंगे रिपोर्ट

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : एक मामले की सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट के जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने टिप्पणी करते हुए कहा कि पुलिस इन दिनों कार्रवाई करने के बजाय घटनाओं की मूक दर्शक बनती जा रही है। उन्होंने काकद्वीप थाने के ओसी को आदेश दिया है कि एक टीचर को स्कूल में जाकर पढ़ने के लिए पुलिस सुरक्षा दी जाए। इसके साथ ही इस मामले में अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश दिया है।

पेटीशनर मुबारक मोल्ला की अपील पर उसके परिवार को भी सुरक्षा दी जाने का आदेश दिया है। एक राजनीतिक दल का समर्थक होने के कारण चुनाव के बाद उसे स्कूल में पढ़ाने जाने नहीं दिया जा रहा है। टीचर को आशंका है कि अगर लंबे दिनों तक गैर हाजिर रहा तो नौकरी जा सकती है। टीचर असमंजस में है, क्योंकि एक तरफ जान का खतरा है तो दूसरी तरफ जीविका का खतरा है। पेटीशनर को काकद्वीप के एक स्कूल में 1999 में टीचर के पद पर नियुक्त किया गया था। जस्टिस भट्टाचार्य ने हैरानी जताते हुए कहा कि 1999 से स्कूल में काम कर रहे टीचर को पुलिस के पहरे की जरूरत पड़ी है। इसी का हवाला देते हुए जस्टिस भट्टाचार्य ने उपरोक्त टिप्पणी की थी। जस्टिस भट्टाचार्य ने कहा कि पुलिस यह सुनिश्चित करेगी की टीचर और उसका परिवार सामान्य जीवन व्यतीत कर सके। राज्य सरकार के एडवोकेट की तरफ मुखातिब होते हुए कहा कि आप क्या कह रही हैं, हर रोज इस तरह की शिकायतें आ रही है। पुलिस एक दर्शक भर बनकर रह गई है।

SCROLL FOR NEXT