कोलकाता सिटी

9 से 11 जनवरी तक आयोजित होगा मुर्शिदाबाद हेरिटेज फेस्टिवल 2027

बंगाल की गौरवशाली विरासत और संस्कृति का होगा उत्सव

Neha Singh

काठगोला पैलेस परिसर में आयोजित होने वाले 16वें संस्करण में संगीत, विरासत भ्रमण, नौका विहार, पारंपरिक खानपान और सांस्कृतिक अनुभवों की दिखेगी अनूठी झलक।

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : लगभग 200 वर्षों तक भारत के सबसे समृद्ध शहरों में शुमार मुर्शिदाबाद कभी देश के व्यापार, वाणिज्य और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। कलकत्ता और दिल्ली से पहले मुर्शिदाबाद की अपनी एक अलग पहचान थी। यहां सिक्कों की ढलाई होती थी, कासिमबाजार से रेशम के व्यापार का संचालन होता था और दुनिया के प्रतिष्ठित बैंकरों में गिने जाने वाले जगत सेठ का निवास भी यहीं था। यह वह ऐतिहासिक शहर है जहां एक ओर हिंदू स्थापत्य शैली में निर्मित चार बांग्ला मंदिर हैं, तो दूसरी ओर जैन कोठियां भी इसकी सांस्कृतिक विविधता को दर्शाती हैं। हज़ारदुआरी पैलेस के भव्य दरवाजे और काठगोला जैन मंदिर में मौजूद 150 वर्ष पुराना बेल्जियन कांच का काम आज भी इसके गौरवशाली अतीत की गवाही देते हैं।

इस ऐतिहासिक विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुर्शिदाबाद हेरिटेज डेवलपमेंट सोसाइटी (MHDS) पिछले 16 वर्षों से मुर्शिदाबाद हेरिटेज फेस्टिवल का आयोजन करती आ रही है। इसी कड़ी में 9 से 11 जनवरी 2027 तक काठगोला पैलेस परिसर में महोत्सव का 16वां संस्करण आयोजित किया जाएगा । इस वर्ष पश्चिम बंगाल पर्यटन विभाग और पश्चिम बंगाल पर्यटन विकास निगम (WBTDC) के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने और क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

जनवरी में क्यों खास है मुर्शिदाबाद की सैर?

मुर्शिदाबाद की असली खूबसूरती सर्दियों के मौसम में निखरकर सामने आती है। जनवरी का सुहावना मौसम, लगभग 12 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला तापमान और शांत नदी का परिवेश इसे घूमने के लिए विशेष रूप से अनुकूल बनाते हैं। भागीरथी नदी में नौका विहार, आजिमगंज के ऐतिहासिक जैन मंदिरों की सैर और बाड़ी कोठी के खुले प्रांगण में हाई टी का आनंद इस मौसम के अनुभव को और खास बनाता है। सरसों के फूलों से सजे खेत, नदी का शांत प्रवाह और ऐतिहासिक मंदिरों पर पड़ती सर्दियों की सुनहरी धूप मुर्शिदाबाद की खूबसूरती को एक अलग ही रंग देती है।

यह मौसम क्षेत्र की जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं को जानने का भी अवसर प्रदान करता है। तांतीपाड़ा के बुनकरों को करघों पर काम करते देखना, सर्दियों की सब्जियों से तैयार होने वाले पारंपरिक शेहरवाली जैन और मुगलई व्यंजनों का स्वाद लेना तथा नदी के घाटों पर बाउल गायकों की प्रस्तुतियां इस अनुभव को और समृद्ध बनाती हैं।

इसीलिए महोत्सव के आयोजन के लिए जनवरी का समय चुना गया है, ताकि पर्यटक बंगाल के अनुकूल मौसम में यहां की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से अनुभव कर सकें।

संगीत, विरासत और सांस्कृतिक अनुभवों का संगम

इस वर्ष महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण काठगोला पैलेस परिसर में आयोजित होने वाला संगीतमय कार्यक्रम होगा, जिसका आयोजन SSC-RDKC द्वारा किया जा रहा है। इसमें प्रख्यात शास्त्रीय संगीत कलाकार उस्ताद वसीम अहमद खान, पद्मश्री एवं संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित पंडित तेजेंद्र नारायण मजूमदार, विदुषी शाल्मली जोशी तथा प्रसिद्ध ध्रुपद गायक पद्मश्री पंडित उमाकांत गुंदेचा, पंडित अखिलेश गुंदेचा और श्री अनंत गुंदेचा अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इसके अलावा, ऐतिहासिक आदिनाथ जिना जैन मंदिर परिसर में प्रातःकालीन रागों की प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। ऐतिहासिक परिवेश में शास्त्रीय संगीत का यह अनुभव महोत्सव को एक विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान देगा।

तीन दिनों के इस आयोजन में मुर्शिदाबाद के प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को शामिल किया गया है।

पहला दिन – 9 जनवरी (शनिवार): नदी और मंदिरों की विरासत

महोत्सव के पहले दिन पर्यटकों को नाव के माध्यम से चार बांग्ला मंदिरों के दर्शन का अवसर मिलेगा। नदी से दिखाई देने वाली इन मंदिरों की उत्कृष्ट टेराकोटा कला और स्थापत्य इस यात्रा को खास बनाएंगे। इसके बाद काठगोला पैलेस में हाई टी, शाम को संगीत समारोह और पैलेस के खुले प्रांगण में रात्रिभोज का आयोजन होगा।

दूसरा दिन – 10 जनवरी (रविवार): संगीत और ऐतिहासिक धरोहरें

दूसरे दिन की शुरुआत काठगोला में प्रातःकालीन राग प्रस्तुतियों से होगी। इसके बाद नाश्ते और संगीत कार्यक्रम के साथ दिन आगे बढ़ेगा। पर्यटक हज़ारदुआरी पैलेस, जगत सेठ हाउस और नशीपुर राजबाड़ी जैसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। कार्यक्रम में बाड़ी कोठी हेरिटेज होटल में हाई टी भी शामिल है। इसके अलावा, पर्यटकों के लिए तांतीपाड़ा की वैकल्पिक यात्रा का अवसर रहेगा, जो अपनी सदियों पुरानी बुनाई और पारंपरिक वस्त्र कला के लिए जाना जाता है।

तीसरा दिन – 11 जनवरी (सोमवार): शेहरवाली संस्कृति की झलक

महोत्सव का अंतिम दिन शेहरवाली समुदाय की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत को समर्पित होगा। इस दिन आजिमगंज के ऐतिहासिक जैन मंदिरों का भ्रमण और विरासत यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही भागीरथी नदी में पारंपरिक नौका दौड़ भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

जैन कोठी में आयोजित विशेष शेहरवाली भोज के माध्यम से पर्यटक इस समुदाय की विशिष्ट शाकाहारी पाक परंपराओं से परिचित होंगे। इसके बाद 150 वर्ष पुरानी हवेली 'हाउस ऑफ शेहरवाली' का भ्रमण कराया जाएगा, जहां इस समुदाय की स्थापत्य कला, जीवनशैली और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का समापन हाई टी के साथ होगा।

विरासत संरक्षण और स्थानीय समुदायों को प्रोत्साहन

इस महोत्सव का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि विरासत संरक्षण को स्थानीय आजीविका और सतत पर्यटन से जोड़ना भी है। नाविकों, बुनकरों, कारीगरों, पारंपरिक खानपान से जुड़े लोगों, स्थानीय गाइडों और हेरिटेज प्रतिष्ठानों की भागीदारी के माध्यम से यह पहल उन समुदायों को आर्थिक रूप से प्रोत्साहित करने का प्रयास करती है, जो पीढ़ियों से मुर्शिदाबाद की सांस्कृतिक पहचान को सहेजते आ रहे हैं।

महोत्सव की 16 वर्षों की यात्रा पर अपने विचार साझा करते हुए मुर्शिदाबाद हेरिटेज डेवलपमेंट सोसाइटी (MHDS) के संस्थापक सदस्य श्री संदीप नवलखा ने कहा,

" मुर्शिदाबाद हेरिटेज फेस्टिवल महज एक उत्सव नहीं, बल्कि अपनी विरासत को जीवंत बनाए रखने का एक प्रयास है। यह नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने, सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने और स्थानीय कारीगरों एवं समुदायों को सहयोग देने का एक मंच है। विरासत केवल वह नहीं है जो हमें अपने पूर्वजों से मिलती है, बल्कि वह भी है जिसे हम सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लेते हैं।

पिछले 16 वर्षों की इस यात्रा ने मुझे सिखाया है कि विरासत केवल स्मारकों से जीवित नहीं रहती। इसके संरक्षण के लिए प्रेम, समर्पण, सहभागिता और ऐसे लोगों की जरूरत होती है, जो इसके महत्व को समझते हैं और इसे सहेजने के लिए आगे आते हैं।

मुर्शिदाबाद केवल इतिहास का एक हिस्सा नहीं, बल्कि हमारी भावनाओं, पहचान और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है, जिसे हमेशा जीवित रहना चाहिए।

मुर्शिदाबाद के प्रति मेरा प्रेम और जुड़ाव आज भी उतना ही गहरा है और आने वाली पीढ़ियों तक बना रहेगा।"

SCROLL FOR NEXT