मंत्री मानस रंजन भुईयां दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए,साथ में हैं दिलीप मंडल, शची नस्कर व अन्य  
कोलकाता सिटी

मंत्री ने किया 'आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान' शिविर का उद्घाटन


राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना: राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान’ शिविर का उद्घाटन सिंचाई मंत्री मानस रंजन भुइयां ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह शिविर दक्षिण 24 परगना जिले के विष्णुपुर एक ब्लॉक अंतर्गत कुलेरदारी ग्राम पंचायत में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मंत्री भुइयां ने स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह शिविर आम जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने का एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर शिविर में आकर पंजीकरण कराएं, जिससे संबंधित विभाग उन्हें जल्द समाधान उपलब्ध करा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने का प्रभावी मंच बन चुकी है।कार्यक्रम में परिवहन विभाग के राज्य मंत्री दिलीप मंडल ने कहा कि इस तरह के श‌‌िविर से आमलोगों को काफी सहुलियत होगी। इससे लोगों के बूथों में काम का विस्तार होगा। इसके अलावा आम लोगों की श‌‌िकायत तीन माह के अंदर दूर की जाएगी। इस मौके पर एसडीओ तमघ्न कर, शिशु एवं नारी कल्याण समिति की अध्यक्ष शची नस्कर सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत समिति के सभापति तथा ग्राम पंचायत के सदस्य भी उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर इस पहल को सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनमें लोगों को राज्य सरकार की योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा लाभों, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और अन्य सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। कई मामलों में मौके पर ही समाधान भी किया गया, जिससे ग्रामीणों को त्वरित लाभ मिला। स्थानीय लोगों ने इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपनी समस्याएँ सीधे अधिकारियों तक पहुँचाने का अवसर मिला है। यह शिविर प्रशासन की संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बन गया है।

SCROLL FOR NEXT