कोलकाता : विधानसभा में ममता समर्थक तृणमूल कांग्रेस खेमे के विधायकों के लिए अब अलग बैठने की व्यवस्था, अलग कक्ष तथा सदन में अपनी बात रखने के लिए अलग समय दिए जाने की तैयारी की जा रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय और कुणाल घोष ने यह दावा किया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा कि बैठक बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि सदन में बैठने की व्यवस्था, अलग कक्ष, सुरक्षा तथा अन्य संसदीय विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और पूरा सम्मान दिया।
कुणाल घोष ने कहा कि विधानसभा के वरिष्ठतम विधायकों में से एक होने के नाते शोभनदेव चट्टोपाध्याय को विशेष सम्मान दिया गया। उन्होंने दावा किया कि परंपरागत रूप से विपक्ष के नेता के लिए निर्धारित सीट पर शोभनदेव को बैठाया गया, जबकि ऋतब्रत बंद्योपाध्याय की सीट कुछ दूरी पर थी।
कुणाल के अनुसार, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने संसदीय कार्य मंत्री शंकर घोष को बुलाकर ममता समर्थक विधायकों के लिए तत्काल अलग कक्ष की व्यवस्था करने तथा सदन में उनके लिए अलग समय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें विधानसभा में प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। साथ ही कहा कि नई सरकार को काम करने के लिए कुछ समय दिया जाना चाहिए।