कोलकाता : 50वें इंटरनेशनल कोलकाता बुक फेयर (IKBF) 2027 को देशभक्ति और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ को मेले की मुख्य थीम बनाया जाएगा। गौरतलब है कि पुस्तक मेले का आयोजन 22 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक होगा।
IKBF की सलाहकार समिति के संयोजक ने बताया कि आगामी मेले में कई ऐतिहासिक एवं साहित्यिक विषयों को प्रमुखता दी जाएगी। मुख्य थीम के रूप में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ को रखा गया है। जबकि कंट्री थीम के तौर पर इजरायल को सामने लाने की योजना है। आयोजकों की ओर से इजरायल से संपर्क करने के प्रयास किए जाएंगे।
कई ऐतिहासिक घटनाओं और साहित्यिक उपलब्धियों पर रहेगा फोकस
मेले में भारत विभाजन की त्रासदी, उत्तम कुमार के 100 वर्ष, राजनारायण बसु की 200वीं जयंती, श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 150वीं वर्षगांठ, रवींद्रनाथ ठाकुर की ‘रक्तकरबी’ के 100 वर्ष और आकाशवाणी के 100 वर्ष जैसे विषय भी चर्चा और आयोजनों का हिस्सा होंगे।
आयोजन व्यवस्था में भी बदलाव की तैयारी
इस वर्ष से पुस्तक मेले का आयोजन पब्लिशर्स एंड बुकसेलर्स गिल्ड, नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT) और ईस्टर्न जोनल कल्चरल सेंटर की संयुक्त पहल के रूप में किए जाने की बात सामने आई है। सलाहकार समिति के अनुसार स्टॉल आवंटन और वित्तीय लेन-देन में ऑटोमेशन को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा।
वहीं, बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर कुछ आपत्तियां सामने आई हैं। अधिकारियों के अनुसार इस संबंध में अंतिम निर्णय भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के स्तर पर लिया जाएगा। गिल्ड के महासचिव ने कहा कि राज्य सरकार के साथ हुए समझौते के आधार पर 50वें पुस्तक मेले की तैयारियां आगे बढ़ रही हैं।