साल्ट लेक की सड़कों की बदलेगी सूरत 
कोलकाता सिटी

साल्ट लेक की 22 सड़कों की बदलेगी सूरत

डामर की जगह लगेंगे कंक्रीट पेवर ब्लॉक

कोलकाता : साल्ट लेक में खराब सड़कों की समस्या से लोगों को राहत देने के लिए बिधाननगर नगर निगम (BMC) ने सड़क मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। निगम ने साल्ट लेक की 22 ऐसी सड़क पट्टियों को चिह्नित किया है, जहां बार-बार सड़क की ऊपरी परत खराब हो रही थी।

इन हिस्सों में अब क्षतिग्रस्त बिटुमिनस यानी डामर की परत हटाकर उसकी जगह कंक्रीट पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, बिधाननगर और राजारहाट-गोपालपुर क्षेत्र में कुल 193 सड़क हिस्सों की अलग-अलग तकनीक से मरम्मत की जाएगी।

दुर्गापूजा से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य

नगर निगम ने सड़क मरम्मत और नवीनीकरण का काम आगामी दुर्गापूजा से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों की माने तो, साल्ट लेक की 63 सड़कों के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं।

इनमें कई प्रमुख सड़कों की ऊपरी सतह कंक्रीट ब्लॉक से तैयार की जाएगी। बिधाननगर नॉर्थ थाने के सामने सड़क पर काम शुरू हो चुका है, जबकि अनिंदिता आइलैंड के सामने वाले हिस्से में भी पेवर ब्लॉक लगाने का काम चल रहा है।

बारिश और बार-बार खुदाई से होने वाले नुकसान से मिलेगी राहत

अधिकारियों का कहना है कि साल्ट लेक के अंदरूनी ब्लॉक की सड़कों पर जरूरत के अनुसार मैस्टिक और बिटुमिन का इस्तेमाल किया जाएगा। पेवर ब्लॉक को प्राथमिकता देने की वजह इसकी मजबूती और आसान रखरखाव बताई गई है।

डामर की सड़कें बारिश के पानी से जल्दी प्रभावित होती हैं, जबकि पेवर ब्लॉक अपेक्षाकृत लंबे समय तक टिकते हैं। इसके अलावा बिजली, पानी या अन्य जरुरतों के काम के लिए सड़क खोदनी पड़े तो ब्लॉक को हटाकर काम पूरा होने के बाद दोबारा लगाया जा सकता है।

SCROLL FOR NEXT