सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : ईडी के निदेशक राहुल नवीन ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में जारी कई जांचों की प्रगति का जायजा लेने के लिए एजेंसी के कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। यहां बृहस्पतिवार को पहुंचे नवीन ने शुक्रवार सुबह सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित एजेंसी के पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय का दौरा किया, जहां उन्होंने क्षेत्र में प्रवर्तन निदेशालय के कार्यों की नियमित समीक्षा के तहत वरिष्ठ अधिकारियों और क्षेत्रीय प्रमुखों से मुलाकात की।
सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने मामलों पर विस्तृत स्थिति रिपोर्ट तैयार की है जिनकी बैठकों के दौरान समीक्षा की गयी। इन रिपोर्ट में जांच का चरण और आगे की कार्रवाई का विवरण शामिल था। सूत्रों ने बताया कि निदेशक आगे की जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये हैं। उन्होंने सीजीओ कॉम्प्लेक्स में चरणबद्ध तरीके से उच्च स्तरीय बैठकें कीं। सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता में जिन ‘हेवीवेट’ मामलों की जांच ईडी के हाथ में है, उन सभी की विस्तृत जानकारी उन्होंने अधिकारियों से ली। खास तौर पर बालू तस्करी, कोयला तस्करी और एसएससी मामलों की मौजूदा स्थिति को लेकर कोलकाता के शीर्ष अधिकारियों के साथ चर्चा हुई।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दिल्ली के एक पुराने कोयला तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने प्रतीक जैन के घर और आई-पैक के कार्यालय पर छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्वयं वहां पहुंचीं और ईडी पर चुनावी रणनीति छीनने का आरोप लगाया। इस मुद्दे को लेकर पहले कोलकाता हाई कोर्ट में मामला दर्ज हुआ, जो फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में, इसी पृष्ठभूमि में ईडी निदेशक राहुल नवीन का कोलकाता आना और लगातार अधिकारियों के साथ बैठक करना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।