सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के ईस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल (ईआईआरसी) की ईस्टर्न इंडिया चार्टर्ड अकाउंटेंट्स स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ईआईसीएएसए) ने रविवार को बड़ाबाजार युवक सभा, कोलकाता में छात्रों के लिए एक रोमांचक वार्षिक इनडोर स्पोर्ट्स इवेंट का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक सीए छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस खेल प्रतियोगिता में शतरंज, कैरम, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और बास्केटबॉल जैसे खेल शामिल थे, जिससे छात्रों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सहयोग और टीम भावना को बढ़ावा देने का अवसर मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत सीए प्रमोद कुमार अग्रवाल के संबोधन से हुई, उन्होंने छात्रों को अपनी आर्टिकलशिप ट्रेनिंग और पेशेवर विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। कार्यक्रम का उद्घाटन जोड़ासांको विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री विवेक गुप्ता ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों, विशेष रूप से छात्राओं, को पढ़ाई और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
सीए सुनील सिंघी और सीए पवन पाटोदिया ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए बधाई दी। इस कार्यक्रम का नेतृत्व ईआईसीएएसए के चेयरमैन एवं ईआईआरसी के वाइस चेयरमैन सीए हरिराम अग्रवाल ने किया। उनके साथ ईआईसीएएसए के वाइस चेयरमैन श्री यज्ञेश कुमार झावर, सेक्रेटरी श्री अमन रे तथा ट्रेजरार श्री विनायक गुप्ता ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग दिया।