कोलकाता : न्यू टाउन के इको पार्क में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (WBHIDCO) प्रतिमा निर्माण के लिए अनुभवी मूर्तिकार या विशेषज्ञ प्रतिमा निर्माण एजेंसी की नियुक्ति करने जा रहा है। तैयार होने के बाद यह देश में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी।
140 मीट्रिक टन कांस्य से तैयार होगी प्रतिमा
प्रस्तावित प्रतिमा करीब 140 मीट्रिक टन कांस्य से तैयार की जाएगी। इसमें 8 से 10 मिलीमीटर मोटाई वाले कांस्य पैनल लगाए जाएंगे। प्रतिमा के निर्माण में पारंपरिक लॉस्ट-वैक्स कास्टिंग तकनीक के साथ आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। चयनित मूर्तिकार या एजेंसी को कार्यादेश जारी होने के बाद करीब सात महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा करना होगा।
अमित शाह ने रखी थी आधारशिला
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर प्रस्तावित इस स्मारक की आधारशिला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जुलाई 2026 में रखी थी। केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, इस मौके पर इको पार्क में 125 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा के निर्माण के लिए भूमिपूजन और आधारशिला पट्टिका का अनावरण किया गया था।
पर्यटन और नागरिक सुविधाओं का बनेगा प्रमुख केंद्र
सरकार की योजना इस विशाल प्रतिमा को केवल स्मारक तक सीमित रखने की नहीं है। इसे सिटी लैंडमार्क और हेरिटेज टूरिज्म सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां आगंतुकों के लिए जरूरी सुविधाओं के साथ विजिटर इंफ्रास्ट्रक्चर और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। WBHIDCO को इस परियोजना के लिए नोडल एजेंसी बनाया गया है।
वर्तमान में देश में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की सबसे ऊंची प्रतिमा 65 फुट की है, जो लखनऊ में स्थित है। न्यू टाउन के इको पार्क में प्रस्तावित 125 फुट की प्रतिमा इसके मुकाबले लगभग दोगुनी ऊंची होगी।