सांकेतिक चित्र  
कोलकाता सिटी

गंगा में क्रूज पर ‘आतंकी’ हमला : एनएसजी और पुलिस कमांडो ने किया सफल अभ्यास !

कोलकाता : सुबह सवेरे गंगा नदी में गोलीबारी की आवाज सुनाई दी। फौरन घटना की सूचना कोलकाता पुलिस के कंट्रोल रूम को दी गई एक पर्यटन क्रूज पर आतंकी हमला हुआ है। क्रूज के भीतर कई पर्यटकों को बंदि बना लिया गया था। सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस सतर्क हो गई। पोर्ट डिविजन और कम्बैट बटालियन को मौके पर भेजा गया। कुछ ही मिनटों में कोलकाता पुलिस के कमांडो घटनास्थल पर पहुंच गए। इसी दौरान केंद्रीय बल, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) की टीम भी क्रूज के पास पहुंच गई।

यह कोई असल आतंकी हमला नहीं बल्कि एक मॉक ड्रिल थी। अभ्यास के तहत, एनएसजी की एक टीम ने आतंकी बनकर क्रूज पर घुसने का प्रयास किया, गोलीबारी की और यात्रियों को बंदी बना लिया। कोलकाता पुलिस और एनएसजी के कमांडो स्पीड बोट के माध्यम से क्रूज को घेरकर आतंकी को पकड़ने के लिए क्रूज पर चढ़े। कुछ कमांडो आतंकी की नजरों से बचकर क्रूज के भीतर दाखिल हुए और सटीक कार्रवाई करके सभी आतंकियों को निष्क्रिय किया।

अभ्यास में बंदी बनाए गए पर्यटकों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया। इस मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल और अन्य संबंधित विभागों को भी पूर्व चेतावनी दी गई थी ताकि आपात स्थिति में सभी तत्पर रहें। कोलकाता पुलिस सूत्रों के अनुसार यह अभ्यास शहर में किसी भी आकस्मिक आतंकवादी स्थिति से निपटने के लिए किया गया है। इससे पहले भी शहर में मेट्रो, शॉपिंग मॉल और विक्टोरिया मेमोरियल जैसे प्रमुख स्थलों में कमांडो टीम ने आतंकवाद रोधी अभ्यास किया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभ्यास सुरक्षा बलों की तैयारी को परखने के साथ-साथ शहरवासियों के लिए भी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।

SCROLL FOR NEXT