कोलकाता : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से टेक्नो इंडिया ग्रुप (TIG) की ओर से द्रोणाचार्य अवॉर्ड 2026 समारोह का आयोजन किया गया। मंगलवार, 24 नवंबर को कोलकाता के साल्टलेक स्थित टेक्नो इंडिया यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के सभी 23 जिलों के शिक्षकों के योगदान को सराहा गया।
इस समारोह में करीब 340 शिक्षकों को सम्मानित करने की योजना रखी गई, जिनमें 240 विषय शिक्षक तथा 100 हेडमास्टर, हेडमिस्ट्रेस और शिक्षक-प्रभारी (टीआईसी) शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज और ग्रामीण इलाकों के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की मेहनत और समर्पण को पहचान देना है।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के उपभोक्ता मामलों के विशेष सचिव सुभाषिस घोष, टेक्नो इंडिया ग्रुप के निदेशक तपस मुखर्जी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य सुनील पाड़ा गोस्वामी, टेक्नो इंडिया ग्रुप की सह-अध्यक्ष एवं टेक्नो इंडिया यूनिवर्सिटी की सह-कुलाधिपति प्रो. मानसी रॉयचौधरी तथा पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव रंजन झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रो. मानसी रॉयचौधरी ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके विचारों, मूल्यों और भविष्य की दिशा भी तय करते हैं। विशेषकर सरकारी विद्यालयों के शिक्षक अनेक चुनौतियों के बावजूद नई पीढ़ी को शिक्षित और प्रेरित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि द्रोणाचार्य अवॉर्ड के माध्यम से ऐसे शिक्षकों के समर्पण और उपलब्धियों को सार्वजनिक पहचान देने का प्रयास किया गया है।
टेक्नो इंडिया ग्रुप की इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों के शैक्षणिक योगदान, विद्यालयों के विकास में उनकी भूमिका और सामाजिक प्रतिबद्धता को सम्मान देना है। साथ ही, इससे आने वाली पीढ़ी के शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।