सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सूचना प्रौद्योगिकी, परामर्श और व्यावसायिक समाधान क्षेत्र की अग्रणी कंपनी TCS ने Oracle के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करते हुए कोलकाता में भारत की पहली ‘ओरेकल एआई डेटा प्लेटफॉर्म लैब’ और ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की शुरुआत की है। यह केंद्र कंपनियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित डिजिटल परिवर्तन के अगले चरण के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। टीसीएस ने अगले तीन वर्षों में देश के चार अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई है।
कोलकाता के डेल्टा पार्क लॉर्ड्स स्थित यह सेंटर व्यवसायों को एआई अपनाने में आने वाली प्रमुख चुनौतियों, जैसे बिखरे हुए डेटा, धीमे विश्लेषण, बड़े पैमाने पर एआई लागू करने में कठिनाइयों और परिचालन संबंधी कमियों को दूर करने में मदद करेगा। टीसीएस पुनः उपयोग योग्य आर्किटेक्चर, उद्योग-विशिष्ट समाधानों और आधुनिक एक्सेलरेटर्स के माध्यम से कंपनियों के डेटा को उपयोगी व्यावसायिक जानकारियों में बदलने का कार्य करेगी। साथ ही, यह एआई-संचालित स्वचालन को बड़े स्तर पर लागू करने में भी सहायता प्रदान करेगा।
ओरेकल एआई डेटा प्लेटफॉर्म, ओरेकल क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर, ओरेकल ऑटोनॉमस एआई डेटाबेस और ओसीआई एंटरप्राइज एआई जैसी तकनीकों की मदद से डेटा को एआई उपयोग के लिए तैयार बनाता है तथा स्वायत्त एआई एप्लिकेशन विकसित करने और लागू करने की सुविधा देता है।
ओरेकल इंडिया के अलायंसेस एंड चैनल्स–टेक्नोलॉजी प्रमुख अरविंद मेहरा ने कहा कि यह पहल ग्राहकों के लिए एआई अपनाने की प्रक्रिया को तेज करेगी और उनके डेटा को बेहतर व्यावसायिक परिणामों में बदलने में मदद करेगी। वहीं, टीसीएस के ओरेकल प्रैक्टिस के ग्लोबल हेड सुदीप्तो राय ने कहा कि यह केंद्र ग्राहकों को उन्नत एआई, क्लाउड और डेटा एनालिटिक्स समाधानों का लाभ उठाने में सक्षम बनाएगा।
यह पहल उन्नत एआई इंजीनियरिंग, इंटेलिजेंट डेटा प्लेटफॉर्म और अगली पीढ़ी के एनालिटिक्स में टीसीएस के निवेश को और मजबूती देती है। कंपनी के पास भारत में 26,000 से अधिक ओरेकल-कुशल पेशेवरों की टीम भी मौजूद है, जो ग्राहकों की एआई परियोजनाओं को समर्थन प्रदान कर रही है।