सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को तारकेश्वर धाम में देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुमार सनी राज के नेतृत्व में कांवड़ियों के लिए सेवड़ाफुली सड़क मार्ग से मंदिर तक सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गये। चंदननगर पुलिस कमिश्नर सुनील कुमार यादव ने वैद्यवाटी के गंगा घाटों पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को तैनात किया है। कांवड़िए गंगा जल भरकर कांवड़ लेकर तारकेश्वर धाम पहुंचते हैं। सिंगुर स्थित श्री बड़ाबाजार लोहा पट्टी सेवा समिति परिसर में चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर तीर्थयात्रियों की सेवा में खिचड़ी, चाय-बिस्किट, पेयजल और मिठाई की व्यवस्था की गई है। सेवा समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार बिहानी और विकास नेवटिया ने बताया कि सुशील अग्रवाल, शिव कुमार अग्रवाल, अनंत बेहरा, योगेंद्र पांडे सहित अन्य सदस्यों ने कांवड़ियों की सेवा की। गोविंद रांधड और विजय दारुका ने बताया कि आयुषी केडिया ने भी सहयोग किया। हरिपाल स्थित विश्वनाथ सेवा समिति और काशी विश्वनाथ सेवा समिति द्वारा भी कांवड़ियों को सेवा प्रदान की गई। पुलिस सड़कों पर लगातार गश्त करती नजर आई। तारकेश्वर थाना की ओर से मंदिर परिसर में विशेष सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। कांवड़ियों ने शिविरों में विश्राम किया।