तंत्र साधना का फाइल फोटो  तंत्र साधना का फाइल फोटो
कोलकाता सिटी

तंत्र साधना से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठग लिये लाखों रुपये

ठाकुरपुकुर थाने में महिला ने तांत्रिक के खिलाफ दर्ज करायी शिकायत

कोलकाता : ठाकुरपुकुर थाना क्षेत्र में तंत्र साधना के नाम पर एक महिला से ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को झांसे में लेकर उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने और बेटी की मानसिक समस्याओं को दूर करने का वादा किया था। इसी बहाने आरोपी ने महिला से 3 लाख रुपये ठग लिए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला कमला दास ठाकुरपुकुर इलाके की निवासी हैं। उन्होंने कुछ समय पहले देबू राय नामक व्यक्ति से संपर्क किया था, जिसने खुद को एक तांत्रिक बताया। देबू ने कमला दास को यह विश्वास दिलाया कि वह तंत्र साधना के जरिए उनके बेटे को सरकारी नौकरी दिलवा सकता है। इसके अलावा, उसने यह भी दावा किया कि उसकी साधना से उनकी बेटी की आत्महत्या की प्रवृत्तियाँ खत्म हो जाएंगी।

महिला अपने बच्चों की भविष्य और मानसिक स्थिति को लेकर चिंतित थी, इसलिए उसने देबू राय की बातों पर भरोसा कर लिया। आरोपी ने उसे किस्तों में कुल 3 लाख रुपये नकद देने को कहा, जो महिला ने बिना ज्यादा सोच-विचार किए दे दिए। लेकिन समय बीतने के बाद न तो बेटे को कोई नौकरी मिली, और न ही बेटी की मानसिक स्थिति में कोई सुधार हुआ।

जब कमला दास को ठगे जाने का अहसास हुआ और उन्होंने देबू राय से अपने पैसे वापस मांगे, तो उसने न केवल पैसे लौटाने से इनकार किया, बल्कि महिला को धमकाने भी लगा।

इसके बाद पीड़िता ने ठाकुरपुकुर थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही उससे पूछताछ की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की तंत्र-मंत्र से संबंधित बातों में न आएं और ऐसी धोखाधड़ी की घटनाओं से सतर्क रहें।

SCROLL FOR NEXT