कोलकाता : योगक्षेम विहार के योगक्षेम सभागार में युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री जिनेश कुमार जी ठाणा-3 के सान्निध्य में तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (TPF) ईस्ट जोन-1 तथा कोलकाता और हावड़ा की विभिन्न शाखाओं की नवगठित कार्यकारिणियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री जिनेश कुमार ने कहा कि पद को भार नहीं, उपहार समझकर सेवा भावना से दायित्व निभाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उत्साह और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मुनिश्री ने TPF सदस्यों को पेट्रोलमैन, गैसमैन, वुडनमैन, आयरनमैन और गोल्डमैन की प्रेरक व्याख्या देते हुए आयरनमैन व गोल्डमैन बनने की प्रेरणा दी।
मुनिश्री जिनेश कुमार ने T.P.F. ईस्ट जोन-1, उत्तर हावड़ा, साउथ कोलकाता, साउथ हावड़ा, पूर्वांचल एवं कलकत्ता जनरल की नवगठित कार्यकारिणियों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की। कार्यक्रम का आगाज T.P.F. सदस्यों द्वारा T.P.F. गीत के सामूहिक संगान से हुआ।
इस दौरान ईस्ट जोन-1 के अध्यक्ष राकेश सिंघी, उत्तर हावड़ा के अध्यक्ष विवेक बांठिया, साउथ हावड़ा के अध्यक्ष विनीत झाबक, कोलकाता जनरल के अध्यक्ष प्रतीक दुगड़, साउथ कोलकाता के अध्यक्ष मनीष सेठिया एवं पूर्वांचल के अध्यक्ष अनिल आंचलिया ने अपनी-अपनी नवगठित टीम की घोषणा की।
इसके बाद ईस्ट जोन-1 के आई.पी.पी. प्रवीण सिरोहिया ने सभी कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। ईस्ट जोन-1 के मंत्री रितेश दुगड़ ने उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं, उत्तर हावड़ा सभा की ओर से T.P.F. के सभी अध्यक्षों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन मुनि परमानन्द एवं प्रवीण सिरोहिया ने किया। समारोह में T.P.F. के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन भी मौजूद रहे।