कोलकाता : जबरन वसूली और महिला उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े मामले में गिरफ्तार स्वरूप विश्वास को पुलिस ने गुरुवार को जेल भेज दिया। गुरुवार को सुनवाई के दौरान सरकारी वकील सौरिन घोषाल ने अदालत को बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रुपयों के लेनदेन से जुड़ी 66 रसीदें बरामद की हैं। जांच में विभिन्न लोगों से लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये लेने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इस राशि में से करीब 75 लाख रुपये के गबन के प्रमाण भी मिले हैं। शिकायतकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रशांत मजूमदार ने आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। वहीं, आरोपी स्वरूप विश्वास की ओर से एडवोकेट गोपाल हलदार ने अदालत में अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने स्वरूप विश्वास को 2 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इस बीच सरकारी वकील सौरिन घोषाल ने बताया कि रिजेंट पार्क थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मामले में भी स्वरूप विश्वास को गिरफ्तार दिखाने के लिए अदालत में आवेदन किया गया था। अदालत ने आवेदन स्वीकार करते हुए उस मामले में आरोपी को 23 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच जारी है और वित्तीय लेनदेन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।