फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

पूर्व सीपी सुप्रतिम सरकार बनाये गये तमिलनाडु के ऑब्जर्वर

5 विधानसभा क्षेत्रों का दिया गया दायित्व

कोलकाता: राज्य के पूर्व गृह सचिव के बाद अब कोलकाता के पूर्व पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार को भी दूसरे राज्य में तैनात किया गया है। चुनाव की घोषणा के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और पदस्थापना की श्रृंखला में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

चुनाव आयोग ने आईपीएस अधिकारी सुप्रतिम सरकार को कोलकाता पुलिस आयुक्त के पद से हटाकर उन्हें एडीजी सीआईडी में स्थानांतरित किया था। अब उन्हें पुलिस ऑब्जर्वर के रूप में तमिलनाडु भेजा गया है। आयोग के निर्देशानुसार उन्हें तमिलनाडु के पांच विधानसभा क्षेत्रों की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है।

सुप्रतिम सरकार को तिरुनेलवेली जिले के तिरुनेलवेली, अंबासमुद्रम, पलायमकोट्टई, नांगुनेरी और राधापुरम विधानसभा क्षेत्रों की देखरेख का जिम्मा मिला है। यह नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 324 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत की गई है।

इससे पहले राज्य के पूर्व गृह सचिव आईएएस अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा को उनके पद से हटाकर महिला एवं बाल विकास विभाग का सचिव बनाया गया था। बाद में चुनाव आयोग ने उन्हें भी राज्य से बाहर भेजते हुए तमिलनाडु में ऑब्जर्वर नियुक्त किया।

चुनाव की घोषणा के बाद से राज्य में कई वरिष्ठ अधिकारियों के पदांतरण और तबादले हो चुके हैं। इस क्रम में सुप्रतिम सरकार की नई तैनाती को चुनाव की निष्पक्षता और प्रशासनिक नियंत्रण बनाए रखने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

यह कदम राज्य प्रशासन और चुनाव आयोग की सक्रिय निगरानी की दिशा में अहम माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT