रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
सुंदरवन: सुंदरवन के जंगल में शहद इकट्ठा करने गए एक व्यक्ति की बाघ के हमले में मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंद गायेन के रूप में हुई है, जो मयपीठ थाना क्षेत्र के किशोरीमोहनपुर गांव का निवासी था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह गोविंद गायेन अपने दो साथियों के साथ वैध परमिट लेकर पाखिराला के जंगल में शहद संग्रह करने गया था। जंगल के अंदर काम के दौरान अचानक एक बाघ ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों साथियों ने किसी तरह साहस दिखाते हुए गोविंद का शव जंगल से बाहर निकाला और मोई के घाट पर लाया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। तृणमूल के ब्लॉक अध्यक्ष पिंटू प्रधान ने इस घटना को दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं, कुलतली के निवर्तमान विधायक गणेशचंद्र मंडल ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है। इस घटना से एक बार फिर सुंदरवन क्षेत्र में वन्यजीव और मानव संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस हादसे के बाद इलाके के कई शहद संग्रहकर्ताओं के बीच आतंक का माहौल व्याप्त हो गया है।