सांकेतिक तस्वीर 
कोलकाता सिटी

सुंदरवन में मछुआरे को बाघ ने घसीटा, जंगल में लापता

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सुंदरवन के चामटा नदी खाड़ी क्षेत्र में मछली पकड़ने के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार को मछली पकड़ते समय एक मछुआरे को अचानक बाघ ने हमला कर घने जंगल की ओर घसीट ले गया। लापता मछुआरे की पहचान प्रदीप मंडल के रूप में हुई है, जो दक्षिण 24 परगना जिले के गोसाबा प्रखंड अंतर्गत सातजेलिया गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रदीप मंडल अपने कुछ अन्य साथियों के साथ चामटा नदी की खाड़ी में मछली पकड़ रहा था। उसी दौरान पीछे से अचानक एक बाघ ने उस पर झपट्टा मारा और कंधे से पकड़कर उसे जंगल की ओर घसीटते हुए ले गया। घटना इतनी अचानक हुई कि साथ मौजूद मछुआरे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बाघ प्रदीप को लेकर जंगल के भीतर ओझल हो गया। साथियों ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मछुआरों ने तुरंत वन विभाग और स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और लापता मछुआरे की तलाश शुरू की गई। घने जंगल और नदी-नालों वाले क्षेत्र में खोज अभियान चलाया जा रहा है, हालांकि अब तक मछुआरे का कोई सुराग नहीं मिल सका है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि मछुआरा वैध अनुमति पत्र लेकर जंगल क्षेत्र में गया था या नहीं। सुंदरवन टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करना प्रतिबंधित है। अधिकारियों ने मछुआरों को नियमों का पालन करने की सलाह दी है। घटना की खबर मिलते ही प्रदीप मंडल के परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों में भी भय का माहौल है और वन विभाग ने सभी से अपील की है कि वे बिना अनुमति और गाइड के जंगल में प्रवेश न करें तथा सतर्कता बरतें।

SCROLL FOR NEXT