रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नये साल के आगमन के साथ ही पूरे देश में उत्सव का माहौल देखने को मिला। इसी कड़ी में दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध सुंदरवन के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर नये साल के पहले दिन पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उत्तर से दक्षिण तक लोग अपने-अपने तरीके से नये साल का जश्न मनाते नजर आए और सुंदरवन इस उत्साह का प्रमुख केंद्र बना रहा।
नये साल के अवसर पर सुंदरवन के सजनेखाली, झरखाली, फ्रेजरगंज, नामखाना और मासूमी द्वीप सहित कई पर्यटन क्षेत्रों में सुबह से ही पर्यटकों का तांता लगा रहा। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचे। समुद्र तटों और नदी किनारे बने पर्यटन स्थलों पर चहल-पहल रही। पर्यटकों ने समुद्र में स्नान का आनंद लिया और नाव की सवारी कर सुंदरवन की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से निहारा।
पर्यटन स्थलों के आसपास स्थित होटलों और लॉज में भी खासी भीड़ देखी गई। अधिकतर होटल पहले से ही बुक थे, जिससे होटल व्यवसायियों के चेहरों पर रौनक दिखाई दी। स्थानीय दुकानदारों और नाव संचालकों के लिए भी यह समय खासा लाभदायक साबित हुआ। नावों के जरिए जंगल सफारी और नदी भ्रमण के प्रति पर्यटकों में खासा उत्साह देखा गया। सुंदरवन में बोट व्यवसाय से जुड़े देवव्रत मंडल ने बताया कि 25 दिसंबर से ही पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी, जो नये साल के पहले दिन चरम पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि इस बार देश और विदेश से बड़ी संख्या में लोग सुंदरवन घूमने आये हैं। पर्यटकों का उत्साह देखते ही बनता है और इससे स्थानीय लोगों की आजीविका को भी मजबूती मिल रही है।
प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। पर्यटकों की सुविधा के लिए अतिरिक्त नावों और गाइडों की व्यवस्था की गयी। कुल मिलाकर नये साल के पहले दिन सुंदरवन पर्यटन के लिए एक यादगार दिन साबित हुआ, जहां प्रकृति, उत्सव और उल्लास का अनोखा संगम देखने को मिला। सुंदरवन पुलिस के अधिकारी ने कहा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे।