कोलकाता : केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव की उपस्थिति में आयोजित एक अहम प्रेस वार्ता में भाजपा को नया सदस्य मिला। महान साहित्यकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के परिवार से जुड़े और श्रम विभाग में वरिष्ठ पद संभाल चुके सुमित्रा चट्टोपाध्याय ने औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य और केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव की मौजूदगी में पार्टी में शामिल कराया गया। भाजपा में शामिल होते ही सुमित्रा चट्टोपाध्याय ने राज्य सरकार की रोजगार नीतियों पर तीखा सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार विनिमय से जुड़े लाखों युवाओं का डेटा एक प्रशासनिक आदेश के जरिए समाप्त कर दिया गया और उसकी जगह “एम्प्लॉयमेंट बैंक” बनाया गया, जिसमें करीब 40 लाख युवाओं ने नामांकन कराया था। उन्होंने कहा कि बाद में शुरू की गई “युवा श्री” योजना भी बंद कर दी गई और फिलहाल “युवा साथी” योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को प्रतिदिन मात्र 50 रुपये की सहायता दी जा रही है, जो वास्तविक जरूरतों के मुकाबले नाकाफी है। वहीं, केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित “वंदे मातरम्” ने देश में राष्ट्रवाद और देशभक्ति की भावना को मजबूत किया है। उन्होंने सुमित्रा चट्टोपाध्याय का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि बंकिमचंद्र के आदर्श और राष्ट्रवादी विचार पश्चिम बंगाल को “विकसित बंगाल” बनाने की दिशा में प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिष्ठित और राष्ट्रहित में काम करने वाले लोगों के भाजपा से जुड़ने से राज्य में सकारात्मक राजनीतिक और सामाजिक परिवर्तन को बल मिलेगा।