डायमंड हार्बर : पुलिस हिरासत में मौजूद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय से पूछताछ के बाद डायमंड हार्बर पुलिस जिला को बड़ी कामयाबी मिली है। मिली जानकारी के आधार पर सरिसा स्थित तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय से 1 करोड़ 2 लाख 79 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि उक्त पार्टी कार्यालय मगराहाट पश्चिम के तृणमूल विधायक शमीम अहमद का है। इतनी बड़ी रकम की बरामदगी के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार को इस मामले में डायमंड हार्बर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक मजुमदार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नकदी बरामदगी की जानकारी दी। उन्होंने जांच से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुमित राय से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर सरिसा स्थित पार्टी कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया गया, जहां से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पार्टी कार्यालय में इतनी बड़ी रकम किस उद्देश्य से रखी गई थी। बरामद नकदी का स्रोत क्या है और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका हो सकती है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले के तार किसी अन्य वित्तीय गतिविधि या व्यक्ति से जुड़े हैं या नहीं। जांच अधिकारियों को उम्मीद है कि सुमित राय से आगे की पूछताछ में नकदी के स्रोत और इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।