File Photo 
कोलकाता सिटी

विधानसभा पहुंचे सुखेंदु, सुष्मिता और प्रकाश चिक बराइक

पूर्व टीएमसी सांसदों ने राज्यसभा नामांकन की प्रक्रिया शुरू की

कोलकाता : राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की तैयारियों के तहत हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए तीन पूर्व सांसद—सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक—शुक्रवार दोपहर पश्चिम बंगाल विधानसभा पहुंचे। तीनों ने चीफ व्हिप के कक्ष में आवश्यक दस्तावेज जमा किए और नामांकन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कीं। सोमवार को वे औपचारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

इस दौरान पूर्व सांसद प्रकाश चिक बराइक ने कहा, “50 वर्षों बाद एक अच्छी सरकार मिली है। भाजपा नेतृत्व ने जो अवसर दिया है, उसके लिए मैं उनका आभारी हूं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बड़े भाई की तरह मेरा मार्गदर्शन कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अलीपुरदुआर क्षेत्र का विकास करना है।

उन्होंने हांसीमारा में एक हवाई अड्डे की आवश्यकता, रेल और बस संपर्क को मजबूत करने तथा अलीपुरद्वार और दिल्ली के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया। वहीं, सुष्मिता देव ने तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और आंतरिक कलह को लेकर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा, “4 मई के बाद जिस तरह पार्टी बिखरी और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए, वह चौंकाने वाला है। विधानसभा में तृणमूल का एक गुट दूसरे गुट को दुष्कर्मी कह रहा है, तो ऐसे लोगों को टिकट किसने दिया था?”

भाजपा में शामिल सांसदों से इस्तीफा देकर उपचुनाव लड़ने की तृणमूल की चुनौती पर सुष्मिता ने पलटवार करते हुए कहा, “पहले तृणमूल यह बताए कि यदि उपचुनाव होता है, तो क्या वह फलता की तरह प्रचार से पीछे नहीं हटेगी?”

हालांकि, वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर राय ने न तो दल-बदल और न ही राज्यसभा नामांकन को लेकर कोई टिप्पणी की। उन्होंने केवल आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और विधानसभा से रवाना हो गए।

SCROLL FOR NEXT