कोलकाता : बालीगंज भारत सेवा श्रम संघ के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर राजा श्रीनाथ हॉल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में त्रिकाल साहित्य पत्रिका एवं त्रिकाल साहित्य परिवार की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।सम्मानित होने वालों में सुब्रत बनर्जी, बंशीबदन चट्टोपाध्याय, संपा भट्टाचार्य और तापस कुमार हाइट सहित कई शिक्षक शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के प्रसार और जरूरतमंद बच्चों तक शैक्षणिक संसाधन पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। उल्लेखनीय है कि सुब्रत बनर्जी कोलकाता पर्वत अभियात्री संघ के वरिष्ठ सदस्य हैं। वह हर वर्ष पर्वतारोहण के लिए कोलकाता से निकलते समय अपने साथ बच्चों के लिए पाठ्य-पुस्तकें लेकर जाते हैं। पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचने के बाद वह इन पुस्तकों को जरूरतमंद बच्चों के बीच निःशुल्क वितरित करते हैं। उनका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि पैदा करना है। समारोह को भारत सेवा संघ के कार्तिक महाराज ने भी संबोधित किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया।