डीपीएस रूबी पार्क का वार्षिकोत्सव ‘रिवरेंस 2026’ 
कोलकाता सिटी

डीपीएस रूबी पार्क के वार्षिकोत्सव ‘रिवरेंस 2026’ में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा

धनधान्य ऑडिटोरियम में पुरस्कार वितरण के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, ‘दशावतार’ रहा मुख्य आकर्षण

Ravi

कोलकाता : दिल्ली पब्लिक स्कूल रूबी पार्क ने धनधान्य ऑडिटोरियम में वार्षिक समारोह ‘रिवरेंस 2026’ का आयोजन किया। समारोह की शुरुआत वार्षिक पुरस्कार वितरण से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल सरकार की शहरी विकास एवं नगरपालिका मंत्री तथा आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल थीं। विशिष्ट अतिथियों में अभिनेत्री, निर्माता एवं सामाजिक कार्यकर्ता दीया मिर्ज़ा, डीपीएस सोसाइटी की मनोनीत सदस्य सुदीप्ता घोष, ब्रिटिश उप उच्चायुक्त डॉ. एंड्रयू फ्लेमिंग तथा विशेष अतिथि आईआईटी खड़गपुर के निदेशक डॉ. सुमन चक्रवर्ती शामिल रहे।

समारोह का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। छात्र-गायक दल ने ‘सुर ही परमात्मा’ प्रस्तुत किया, जबकि राग मल्हार आधारित ‘गरज-गरज’ ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। विद्यालय के ऑर्केस्ट्रा ने हंस ज़िमर की फॉर्मूला-1 थीम प्रस्तुत कर विद्यार्थियों की वाद्य प्रतिभा का परिचय दिया।

वार्षिक पुरस्कार वितरण में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘दशावतार’ नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें भगवान विष्णु के दस अवतारों के माध्यम से धर्म, सत्य और न्याय का संदेश दिया गया। अभिनय, नृत्य, वेशभूषा, प्रकाश-सज्जा और तकनीकी संयोजन ने प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया।

आयोजन ने विद्यालय की समग्र शिक्षा, रचनात्मकता, सहयोग और विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

SCROLL FOR NEXT