कोलकाता : हिंदी भाषा और व्याकरण के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने तथा उनके भाषाई ज्ञान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सेठ सूरजमल जालान पुस्तकालय की ओर से अंतर्विद्यालय हिंदी भाषा एवं व्याकरण ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में कोलकाता के सात प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हिंदी भाषा एवं व्याकरण से संबंधित सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में सेठ सूरजमल जालान बालिका विद्यालय, आर्य कन्या महाविद्यालय, श्री दिगम्बर जैन बालिका विद्यालय, टांटिया हाई स्कूल, सावित्री पाठशाला, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी विद्यालय और श्री बालकृष्ण बिट्ठलनाथ बालिका विद्यालय के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई।
पहले वर्ग में सेठ सूरजमल जालान बालिका विद्यालय ने प्रथम, श्री दिगम्बर जैन बालिका विद्यालय ने द्वितीय और सावित्री पाठशाला ने तृतीय स्थान हासिल किया। दूसरे वर्ग में भी सेठ सूरजमल जालान बालिका विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी विद्यालय दूसरे और टांटिया हाई स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता में अजयेंद्रनाथ त्रिवेदी, डॉ. जयप्रकाश मिश्र, नीतू सिंह भदोरिया और दिव्या प्रसाद ने निर्णायक की भूमिका निभाई। निर्णायकों ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उत्साह और प्रदर्शन की प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विवेक तिवारी की ओर से प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। पुस्तकालय की मंत्री दुर्गा व्यास ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमल कुमार ने किया, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन शिखा झा और सृष्टि मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। पुस्तकाध्यक्ष श्रीमोहन तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर विधुशेखर शास्त्री, सत्यप्रकाश दुबे, वीरेंद्र यादव, सुभाष शुक्ला और रामप्रसाद पांडेय सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में राहुल उपाध्याय, माधव राय, लक्ष्मी जायसवाल और शनि का विशेष योगदान रहा।