कोलकाता सिटी

घर में झूला झूलने के दौरान रस्सी गले में फंसा, किशोर की मौत

तपसिया थाना इलाके की घटना

कोलकाता : महानगर में घर के अंदर बने अस्थायी झूले पर खेलने के दौरान गले में रस्सी फंसने से एक 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी। घटना तपसिया थानांतर्गत तपसिया साउथ रोड की है। आरोप है कि कमरे के अंदर रस्सी गलती से उसके गले में उलझ गई और उसके माता-पिता या पड़ोसियों के उसे बचाने से पहले ही उसका दम घुट गया। जानकारी के अनुसार तपसिया इलाके के मकान के ग्राउंड फ्लोर के कमरे में किशोर अपने छोटे भाई और बड़ी बहन एवं मां-बाप के साथ रहता था। किशोर कक्षा 7वीं का छात्र था। शनिवार की शाम किशोर की मां उसके छोटे भाई को लेकर पड़ोस में गयी थी। उसकी बड़ी बहन ट्यूशन पढ़ने के लिए गयी थी। पुलिस के अनुसार किशोर के कमरे के अंदर अस्थायी झूला लगा था। उक्त झूले के जरिए किशोर और उसका छोटा भाई खेलते थे। शनिवार की शाम बहन के ट्यूशन चले जाने के बाद वह घर में बने अस्थायी झूे पर झूलने की कोशिश कर रहा था। तभी किसी तरह किशोर का गला रस्सियों में उलझ गया। गले में रस्सी फंसे होने के कारण वह किसी मदद मांग नहीं सका। उसकी मां और बहन देर शाम जब घर लौटे तो उन्होंने कमरे के अंदर किशोर को अचेत पड़ा हुआ पाया। उसके गले में रस्सी लपेटा हुआ था। उसे उद्धार कर सीएनएमसी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

SCROLL FOR NEXT