सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य में भाजपा सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के लिए कई नई आर्थिक सुविधाओं और भत्तों की घोषणा की है। आईपीएस एसोसिएशन की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर विचार करते हुए गृह एवं पहाड़ी मामलों के विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। नई व्यवस्था के तहत कार्यरत आईपीएस अधिकारियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त डीजीपी रैंक के अधिकारियों को भी विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। अधिसूचना के अनुसार,आईपीएस अधिकारियों को मिलने वाली सुविधाओं में विशेष भत्ता, मकान किराये की प्रतिपूर्ति, बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए ऋण और कार्यालयी सहायता जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
आईजी से नीचे के अधिकारियों को 15 हजार रुपये विशेष भत्ता
नई व्यवस्था के तहत कोलकाता में तैनात आईजी रैंक से नीचे के आईपीएस अधिकारियों को प्रतिमाह 15 हजार रुपये का विशेष भत्ता दिया जाएगा। भविष्य में इस राशि को बढ़ाकर अधिकतम 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने का भी प्रावधान रखा गया है।
मकान किराये के लिए मिलेंगे 60 हजार रुपये तक
जिन आईपीएस अधिकारियों को सरकारी आवास आवंटित नहीं हुआ है और जो अलग से हाउस रेंट अलाउंस का लाभ नहीं ले रहे हैं, उन्हें मकान किराये के मद में प्रतिमाह अधिकतम 60 हजार रुपये तक की प्रतिपूर्ति की जाएगी। इसके अलावा, इस राशि में प्रत्येक तीन वर्ष पर 20 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान भी किया गया है।
बच्चों की पढ़ाई के लिए 50 लाख रुपये तक का ऋण
आईपीएस अधिकारियों के बच्चों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने अधिकतम 50 लाख रुपये तक के एजुकेशन लोन की सुविधा देने का फैसला किया है। इस योजना के दायरे में देश और विदेश के शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के साथ-साथ बोर्डिंग स्कूल का खर्च भी शामिल होगा।
विदेश यात्रा और कार्यालय सहायक का खर्च भी सरकार उठाएगी
अधिकारियों को विदेश यात्रा के लिए भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, कार्यालय के कामकाज में सहयोग के लिए सहायक रखने पर होने वाले खर्च की भी सरकार की ओर से प्रतिपूर्ति की जाएगी।
सेवानिवृत्त डीजीपी को दो अटेंडेंट की सुविधा
सरकार ने सेवानिवृत्त डीजीपी रैंक के आईपीएस अधिकारियों को भी विशेष राहत दी है। नई व्यवस्था के तहत सेवानिवृत्ति के बाद वे दो अटेंडेंट रख सकेंगे। इन दोनों कर्मचारियों के वेतन का भुगतान सरकार श्रम विभाग द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार करेगी।