सुभाष सरोवर का होगा कायाकल्प  
कोलकाता सिटी

सुभाष सरोवर के कायाकल्प को राज्य सरकार की मंजूरी

झील परिसर में बनेंगे नए वॉकवे और चिल्ड्रन पार्क

कोलकाता : शहर के प्रमुख जलाशयों में शामिल सुभाष सरोवर के कायाकल्प की योजना को पश्चिम बंगाल सरकार ने मंजूरी दे दी है। कोलकाता मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (KMDA) की ओर से तैयार योजना के तहत झील परिसर को बेहतर बनाने के साथ-साथ यहां आने वाले लोगों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

दक्षिण और पश्चिमी हिस्से में बनेगा वॉकवे

प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के तहत सुभाष सरोवर के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से में प्रोमेनेड (वॉकवे) विकसित किया जाएगा। जलाशय के किनारों को सुरक्षित बनाने के साथ झील परिसर में पाथवे और कर्ब की रंगाई भी की जाएगी। स्वभूमि के सामने की ओर क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल के एक हिस्से का पुनर्निर्माण भी प्रस्तावित है।

करीब 98 एकड़ में फैले इस झील परिसर के पुनरुद्धार की योजना KMDA ने तैयार की है। यह पहल मंत्री अग्निमित्रा पॉल के निरीक्षण के बाद तेज हुई थी। निरीक्षण के दौरान झील परिसर की साफ-सफाई और समग्र सुधार की जरूरत पर जोर दिया गया था।

बेंच, योग जोन और नई लाइटिंग समेत कई सुविधाएं

कायाकल्प योजना में लोगों के लिए कई नई सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। परिसर में छत वाली बेंच, डस्टबिन, बच्चों के लिए पार्क और योग जोन बनाया जाएगा। पाथवे में लगे पेवर ब्लॉक्स को रंगने के साथ पूरे परिसर में नई लाइटिंग व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।

KMDA के एक अधिकारी ने कहा कि झील परिसर की स्वच्छता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। योजना का उद्देश्य केवल सौंदर्यीकरण करना नहीं, बल्कि जलाशय के आसपास के क्षेत्र को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और लोगों के लिए सुविधाजनक बनाना भी है।

SCROLL FOR NEXT