कोलकाता: दक्षिण कोलकाता मारवाड़ी महिला समिति की ओर से मानव सेवा के उद्देश्य से श्री विशुद्धानंद हॉस्पिटल में विभिन्न सेवा कार्य किए गए। समाजसेवी धर्मचंद अग्रवाल एवं संगीता अग्रवाल परिवार के सहयोग से अस्पताल के ओपीडी विभाग को वातानुकूलित बनाने के लिए तीन नई एसी मशीनें प्रदान की गईं। इसके साथ ही 40 डायलिसिस रोगियों की चिकित्सा में भी सहयोग किया गया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की प्रांतीय अध्यक्ष रश्मि सतनालिका, सचिव रीना खेतान तथा दक्षिण कोलकाता मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल और सचिव नीलू अग्रवाल ने कहा कि समिति चिकित्सा सेवा, पर्यावरण संरक्षण, मेधावी छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सहयोग सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय है। बच्चों और युवा वर्ग में सनातन हिंदू संस्कृति एवं संस्कारों के निर्माण के लिए भी समिति निरंतर कार्य कर रही है।
समिति की ओर से डायलिसिस विभाग के 101 रोगियों को छाते भी वितरित किए गए। इस दौरान अस्पताल के डायलिसिस विभाग के सचिव हेमचंद अग्रवाल, विभागीय सचिव दीपक बंका, गिरधारीलाल मस्करा और अनिल चौधरी ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी तथा अतिथियों का स्वागत किया।
हेमचंद अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल के अध्यक्ष बनवारीलाल सोती और सचिव सुरेंद्र अग्रवाल के मार्गदर्शन में वर्तमान में 19 अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों के माध्यम से प्रतिमाह एक हजार से अधिक रोगियों का उपचार किया जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंजू केडिया, शांति खेतान, मधु दीवान, सीमा गुप्ता, मंजू छावछरिया सहित समिति के अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।