राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न इलाकों में रविवार को उत्साह और उल्लास के साथ योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से गंगासागर स्थित कपिल मुनि मंदिर से सागर तट तक एक विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शायी। इस कार्यक्रम में जिला शासक अभिषेक कुमार तिवारी, अतिरिक्त जिला शासक (विकास) भास्कर पाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रशासन के अनुसार, योग शिविर में लगभग तीन हजार लोगों ने हिस्सा लिया। इसी क्रम में वन विभाग की ओर से समुद्र तट पर आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
बाकेश्वर रोड पर योग कार्यक्रम
दूसरी ओर, मत्स्यजीवी सेल बिष्णुपुर विधानसभा, दक्षिण 24 परगना की ओर से बाकेश्वर रोड पर विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग शामिल हुए। योगाभ्यास के साथ-साथ देशभक्ति के माहौल में वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस अवसर पर माई भारत, युवा एवं खेल मंत्रालय के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर डॉ. रजत शुभ्र नस्कर, पूर्व जिला युवा समन्वयक आशीष रॉय, दक्षिण 24 परगना भाजपा के कार्यकारिणी सदस्य सुफल घाटू, सुलव पात्र तथा सोमनाथ रॉय सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं, सोनारपुर थाना परिसर में थाना प्रभारी आशीष दास के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने योगाभ्यास किया।