रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज दक्षिण 24 परगना जिले के कुल 9308 बूथों पर मतदान हो रहा है। इसे लेकर जिला प्रशासन और चुनाव आयोग की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कई संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है। जिले के 31 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 323 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, कांग्रेस, वाम दलों के साथ-साथ कई निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं। चुनाव आयोग की ओर से जिले में कुल 76,01,518 मतदाताओं की सूची जारी की गई है, जिसमें लगभग 39 लाख पुरुष, 37 लाख महिला और 248 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। भांगड़ विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 148 उम्मीदवार हैं, जबकि फलता विधानसभा क्षेत्र में मात्र 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस बीच, साइलेंट वोटरों को लेकर सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों में बेचैनी देखी जा रही है। चुनाव को लेकर शिल्पांचल, बजबज, महेशतल्ला समेत पूरे जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और भारी गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। चुनाव को लेकर कई जिले में अधिक संख्या में प्रवासी मजदूर अपने अपने इलाके में मधाधिकार का प्रयोग करने के लिए आ चुके है। वहीं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है।