अभियान की सांकेतिक तस्वीर 
कोलकाता सिटी

दक्षिण 24 परगना के 9 रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस रद्द

दक्षिण 24 परगना : जिले में खाद्य गुणवत्ता को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न इलाकों में जांच के दौरान निम्न गुणवत्ता का भोजन मिलने के बाद नौ रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद संबंधित रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान कई रेस्टोरेंट में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके बाद विभाग ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए इन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस बंद कर दिए। कार्रवाई की जद में सोनारपुर का बाबूजी होटल, कमलगाछी मोड़ स्थित मिस्टिमुख सहित कई अन्य रेस्टोरेंट शामिल हैं। इसके अलावा नरेंद्रपुर इलाके के कई रेस्टोरेंट और गाड़िया स्टेशन रोड स्थित कस्तूरी का फूड लाइसेंस भी रद्द किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले के अलग-अलग इलाकों में रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाती है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आगे भी ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी, जहां खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी पाई जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई को आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT