सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
सोती चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा राजस्थान के चुरू में बेटियों की शिक्षा के लिए ट्रस्ट की प्रेरणास्रोत श्रीमती सत्यभामा सोती की स्मृति में प्रस्तावित कन्या विद्यालय भवन के निर्माण का श्रीगणेश हो गया। गत सोमवार को आदर्श विद्या मंदिर, रतनगढ़ रोड, चूरू में सोती चैरिटेबल ट्रस्ट के प्राण पुरुष भामाशाह बनवारी लाल सोती ने उद्योगपति सी.डी. गोयल, शंकर सोती, फतेहचंद सोती, शंभूदयाल शर्मा, विद्या भारती जयपुर प्रांत के मंत्री ब्रजमोहन वर्मा, आदर्श शिक्षण संस्थान चूरू के जिला अध्यक्ष मदन लाल प्रजापत, जिला व्यवस्थापक सुरेश कुमार सैनी की गरिममयी उपस्थिति में \"सत्यभामा सोती स्मृति उच्च-माध्यमिक बालिका विद्यालय भवन का शिलान्यास किया और कहा कि हमारी बेटियों को ऊंची से ऊंची शिक्षा मिले और वे देश दुनियां में समाज का रौशन करें इस बात को ध्यान में रखते हुए बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस कन्या विद्यालय भवन के निर्माण का संकल्प लिया गया है ।विद्यालय परिवार की ओर से इस पुनीत कार्य के लिए बनवारी लाल सोती एवं सोती चैरिटेबल ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए उनका भावभीना अभिनंदन किया गया। ट्रस्ट की ओर से अनुपम शर्मा ने बताया कि जहां पर इस विद्यालय भवन का निर्माण हो रहा है उसी प्रांगण में ट्रस्ट ने सोती जी की श्रद्धेय माताजी केशर देवी सोती की स्मृति में लड़कों के लिए उच्च-माध्यमिक विद्यालय का निर्माण करवा रखा है।