सांकेतिक तस्वीर  
कोलकाता सिटी

सोनारपुर में युवक की पीटकर हत्या

Rambalak

दक्षिण 24 परगना: पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप सामने आया है। यह घटना सोनारपुर के राजपुर-सोनारपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 9 के कामराबाद फूलर हाट संलग्न अंबेडकर नगर में यह घटना हुई। मृतक की पहचान गोपाल हालदार के रूप में हुई है। आरोप है कि गुरुवार दोपहर गोपाल समेत तीन लोग अंबेडकर नगर स्थित एक घर में गए थे। वहां उन पर आग्नेयास्त्र लेकर हमला करने का आरोप लगा है। इसी दौरान घर के भीतर से शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों को आते देख गोपाल के दोनों साथी वहां से फरार हो गए। हालांकि, गोपाल भाग नहीं सके और स्थानीय लोगों के हाथ लग गए। आरोप है कि इसके बाद स्थानीय लोगों ने गोपाल की जमकर पिटाई की। बाद में उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। जांचकर्ताओं के एक सूत्र के मुताबिक, पड़ताल के दौरान कई वर्ष पुरानी एक हत्या की घटना भी सामने आई है। आरोप है कि जिस घर में गुरुवार को गोपाल और उनके साथी हमला करने गए थे, उस घर के मालिक केबो हाजरा के बेटे लाल्टू हाजरा की कुछ वर्ष पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में गोपाल के खिलाफ भी आरोप लगे थे और सोनारपुर थाने की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। ऐसे में गुरुवार की घटना के पीछे पुरानी दुश्मनी की भूमिका थी या नहीं, इस सवाल की भी जांच की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT