सोनारपुर दक्षिण की विधायक लवली मोइत्रा की तस्वीर 
कोलकाता सिटी

सोनारपुर दक्षिण में दीवार लेखन पर सियासी बवाल

उम्मीदवार घोषणा से पहले विधायक के नाम पर विवाद

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : जिले के सोनारपुर दक्षिण क्षेत्र में विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के कुछ उत्साही कार्यकर्ताओं द्वारा वर्तमान विधायक अरुंधती मोइत्रा (लवली) के नाम से दीवार लेखन किए जाने पर विवाद खड़ा हो गया। हालांकि थोड़ी ही देर बाद उस नाम को चूने से मिटा दिया गया, लेकिन तब तक इसकी तस्वीरें विभिन्न हलकों में वायरल हो चुकी थीं। जानकारी के मुताबिक, राजपुर सोनारपुर नगरपालिका के 11 नंबर वार्ड में कार्यकर्ता “इस चिन्ह पर वोट दें” लिखकर पार्टी का चुनाव चिन्ह बना रहे थे। इसी दौरान एक दीवार पर विधायक का नाम लिखे जाने का आरोप लगा। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब अभी तक उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, तो नाम किस आधार पर लिखा गया और बाद में मिटाया क्यों गया? विधायक अरुंधती मोइत्रा ने इस घटना से इनकार करते हुए कहा कि कोई नया नाम नहीं लिखा गया था। उनके अनुसार, पुराना लिखा हुआ नाम हटाकर दीवार को आगामी चुनाव के लिए तैयार किया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा से पहले पार्टी में किसी का नाम लिखने का दुस्साहस संभव नहीं है। जादवपुर-डायमंड हार्बर संगठनात्मक जिला के तृणमूल अध्यक्ष शुभाशीष चक्रवर्ती ने इसे कुछ अति उत्साही कार्यकर्ताओं की हरकत बताया। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इसे आंतरिक गुटबाजी का परिणाम बताया, जबकि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेता ने तंज कसते हुए इसे असहज स्थिति का परिणाम कहा।

SCROLL FOR NEXT