दक्षिण 24 परगना : सोनारपुर इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान दूध कुमार मंडल के रूप में हुई है। वह पेशे से फूल विक्रेता था और सोनारपुर के माधवपुर क्षेत्र का निवासी बताया गया है। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल देखा गया। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सोनारपुर के नाटागाछी इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि दूध सड़क पार कर रहे थे, उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वाहन किस दिशा से आ रहा था और उसकी रफ्तार कितनी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों का कारण बनती है। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।