रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना: सोनारपुर में एक मेले के पास बाइक पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। मेले में हुए इस संघर्ष के बाद इलाके में पुलिस पिकेट तैनात कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार राजपुर सोनारपुर पालिका के वार्ड नंबर 17 के दोलतला इलाके में एक मामूली बाइक पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मेले में विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति की बाइक पार्किंग को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में दो पक्षों के बीच मारपीट में तब्दील हो गई। आरोप है कि दोनों पक्षों ने रॉड, विकेट और लाठियों से एक-दूसरे पर हमला किया। घटना में महिलाओं से दुर्व्यवहार का आरोप भी सामने आया है। इस हिंसक झड़प में कम से कम 5 से 6 लोग घायल हुए हैं। इस मामले में मुन्ना जाकिर मंडल सहित कई लोगों के खिलाफ हमले की शिकायत दर्ज की गई है। आरोप है कि संजय साह नामक व्यक्ति पर भी हमला किया गया। घायलों में संजय साह, सोमा घोष, देवाशीष दास और ऋतुपर्णा घोष शामिल हैं। दोनों पक्षों ने सोनारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।