फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

प्रोफेसर की गुप्त रिकॉर्डिंग कर इंस्टाग्राम पर डाला, इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार

न्यू टाउन इलाके की घटना

दीपक,सन्मार्ग संवाददाता

विधाननगर : न्यू टाउन में एक महिला प्रोफेसर की कथित तौर पर बिना अनुमति तस्वीरें और वीडियो बनाने तथा उन्हें इंस्टाग्राम पर अपलोड करने के आरोप में पुलिस ने 28 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सोमेन गोलदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी न्यू टाउन की सुलंगुड़ी कॉलोनी का निवासी बताया गया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता जादवपुर विश्वविद्यालय में अध्यापन करती हैं। आरोप है कि 11 जून की रात न्यू टाउन के क्लॉक टावर-लेमन ट्री होटल इलाके में गोलदार ने उन्हें रोककर बातचीत की। बातचीत समाप्त होने के बाद वह कथित रूप से महिला के पीछे-पीछे चलने लगा और मोबाइल फोन से उनकी तस्वीरें व वीडियो चुपके से रिकॉर्ड कर लिए। जांच अधिकारियों के अनुसार, रिकॉर्ड किया गया वीडियो बाद में इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया, जिसके बाद वह सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। घटना को लेकर प्रोफेसर ने कुछ दिन पहले विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के न्यू टाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और कथित तौर पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किन परिस्थितियों में बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर किस उद्देश्य से साझा किया गया। साथ ही, जांच एजेंसियां यह भी पता कर रही हैं कि क्या आरोपी ने पहले भी अन्य महिलाओं की इसी तरह रिकॉर्डिंग की थी।

SCROLL FOR NEXT