डायमंड हार्बर पुलिस के एसपी विशप सरकार रवींद्रनगर थाने में स्मार्ट आईओ रूम का उद्घाटन के बाद परिदर्शन करते हुए, साथ में हैं कई अन्य अधिकारी
रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : डायमंड हार्बर पुलिस जिला के एसपी के एसपी विशप सरकार ने रविंद्रनगर थाने में स्मार्ट आईओ (इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर) रूम का विधिवत उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य जांच प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उसे अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। नवनिर्मित स्मार्ट आईओ रूम को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इसे वाई-फाई और लैन नेटवर्क से जोड़ा गया है, जिससे जांच अधिकारियों को डिजिटल संसाधनों तक त्वरित पहुंच मिल सकेगी। ऑनलाइन डाटा एक्सेस, केस डायरी का डिजिटल अपडेट, दस्तावेजों का सुरक्षित संधारण तथा विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय अब पहले से अधिक तेज और सुगम होगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि अनुसंधान कार्य की गुणवत्ता और कार्यकुशलता में भी वृद्धि आएगी। इस अवसर पर एसपी विशप सरकार ने बताया कि जिले के कई थानों में पहले ही ई-मलकाना प्रणाली लागू की जा चुकी है, जिससे जब्त सामानों के रखरखाव और रिकॉर्ड प्रबंधन में पारदर्शिता आई है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट आईओ रूम उसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल से पुलिस व्यवस्था और सुदृढ़ होगी तथा आम जनता को त्वरित और प्रभावी न्याय दिलाने में सहायता मिलेगी।