फोटो स्टूडियो के संचालक फोटो निकालने में व्यस्त  
कोलकाता सिटी

SIR का जादू: फोटो स्टूडियो वालों की चांदी ही चांदी !

फोटो स्टूडियो के व्यवसाय में हुआ इजाफा

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चुनाव आयाेग की तरफ से SIR प्रक्रिया शुरू होते ही महानगर के फोटो स्टूडियो वालों की चांदी हो गई है। एक तरफ स्टूडियो संचालकों के चेहरे पर मुस्कान है, तो दूसरी तरफ आम लोगों को पासपोर्ट साइज फोटो के लिए कई-कई दिन इंतज़ार करना पड़ रहा है। पहले जहाँ ग्राहक आते थे और 10-15 मिनट में फोटो लेकर चले जाते थे, वहीं अब हालात यह हैं कि टोकन सिस्टम शुरू हो गया है और कई स्टूडियो तो कई दिनों बाद की तारीख दे रहे हैं। एमजी रोड, कॉलेज स्ट्रीट, बड़ाबाजार, केलाबागान, मछुआ और मुंशीछत्ता लेन जैसे इलाकों के फोटो स्टूडियो में सुबह से रात तक ग्राहकों देखे जा रहे है। एमजी रोड क्रॉसिंग पर स्थित एक स्टूडियो के संचालक जफर ने बताया, “SIR शुरू होने से पहले दिन में 20-30 ग्राहक आते थे, अब काफी इजाफा हो गया है। काम इतना बढ़ गया है कि दुकान सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक खोलनी पड़ रही है। परिवार के सारे सदस्य लग गए हैं, फिर भी बैकलॉग कम नहीं हो रहा।” लोग बिना नाश्ता किए सुबह से लाइन में लग रहे हैं। कई बुजुर्ग और बीमार लोग खुद नहीं आ पा रहे, इसलिए उनके परिजन मोबाइल से खींची फोटो लाकर प्रिंट करवा रहे हैं। प्राइवेट स्टूडियो का सहारा ले रहे हैं। परिणामस्वरूप स्टूडियो वाले भी मौके का फायदा उठा रहे हैं। पहले जहाँ 8 फोटो की कीमत औसत 50-70 रुपये होती थी, अब कई जगह कुछ रुपये अधिक लिए जा रहे है। कुछ स्टूडियो ने तो “SIR स्पेशल पैकेज” भी शुरू कर दिया है जिसमें फोटो के साथ-साथ फॉर्म भरने और प्रिंटआउट की सुविधा भी दी जा रही है। कुल मिलाकर SIR लागू होने से फोटो स्टूडियो व्यवसाय में रातों-रात बूम आ गया है। मगर आम नागरिक परेशान हैं कि एक साधारण पासपोर्ट साइज फोटो के लिए भी अब उन्हें इतना इंतज़ार करना पड़ रहा है।

SCROLL FOR NEXT