केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर SIR को लेकर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि SIR की वजह से ही तृणमूल सुप्रीमो “संभल नहीं पा रही हैं” और इसी कारण उन्हें विधायकों की आपात बैठक बुलानी पड़ी।
नेताजी इंडोर की रैली पर पलटवार
सोमवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम में ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग BJP के इशारे पर काम कर रहा है। इसके जवाब में शुभेंदु ने कहा कि ममता शुरू से ही SIR को लेकर गलत बातें फैला रही हैं, लेकिन अब लोग इन आरोपों पर भरोसा नहीं कर रहे।
NRC का डर दिखाने का आरोप
विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत में शुभेंदु ने कहा कि SIR को NRC बताकर अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों को डराने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि यह प्रचार पूरी तरह झूठा है और इसका उद्देश्य राजनीतिक फायदा उठाना है।
मुस्लिम समुदाय से बातचीत का दावा
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद शुभेंदु ने दावा किया कि उन्होंने राज्य के कई इलाकों में मुस्लिम समुदाय के लोगों से बात की है। उनके अनुसार, सभी भारतीय मुसलमानों के नाम मतदाता सूची में मौजूद हैं और केवल मृत व्यक्तियों के नाम हटाए गए हैं।
बांग्लादेशी शक वालों पर प्रक्रिया
शुभेंदु ने कहा कि जिन लोगों पर बांग्लादेशी होने का शक है, उन्हें फिलहाल अनमैप किया गया है और उन्हें दस्तावेज पेश करने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि इससे किसी समुदाय को नुकसान नहीं हुआ है और यही SIR की जमीनी हकीकत है।
माइक्रो ऑब्जर्वर पर चुनौती
ममता द्वारा माइक्रो ऑब्जर्वर को बाहर से लाने की आशंका जताने पर शुभेंदु ने खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर 3000 माइक्रो ऑब्जर्वर में से एक भी दूसरे राज्य का साबित हो जाए, तो वह माफी मांगेंगे।
CEO ऑफिस को लेकर भी तंज
शुभेंदु ने आरोप लगाया कि ममता पहले चुनाव आयोग को गुमराह करती थीं, लेकिन अब ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के ऑफिस को पार्टी दफ्तर की तरह चलाना चाहती थीं, लेकिन इसमें असफल रहीं। विपक्ष के नेता ने जोर देकर कहा कि SIR की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से चल रही है और इसी पारदर्शिता से तृणमूल नेतृत्व परेशान है।