सांकेतिक फोटो 
कोलकाता सिटी

SIR के आतंक से कुलपी में वृद्धा की मौत

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

डायमंड हार्बर: कुलपी में एसआईआर (SIR) सुनवाई से जुड़े नोटिस के बाद उत्पन्न मानसिक तनाव के बीच एक वृद्ध महिला की ब्रेन स्ट्रोक से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सुनवाई का नोटिस मिलने के बाद से ही महिला भय और मानसिक दबाव में रहने लगी थीं, जिसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और अंततः उनकी मृत्यु हो गई। यह घटना कुलपी के रामकृष्णपुर ग्राम पंचायत के नाकनन गांव की है। मृतका की पहचान आसमां सरदार (68) के रूप में हुई है। बताया गया है कि कई वर्ष पूर्व उनके पति का निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद आसमां देवी पेंशन के सहारे जीवन यापन कर रही थीं। हाल ही में नाम की वर्तनी में त्रुटि के कारण एसआईआर की ओर से उन्हें सुनवाई का नोटिस भेजा गया था। नोटिस मिलने के बाद से ही वह लगातार चिंता और डर में रहने लगी थीं। परिवार सूत्रों के अनुसार, 31 जनवरी को उनकी सुनवाई की तारीख निर्धारित थी, लेकिन उससे पहले ही 28 जनवरी को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल कुलपी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें डायमंड हार्बर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनके बेटे ने सुनवाई में उपस्थित होकर सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किए थे। गत गुरुवार को जब उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ, तो उन्हें अस्पताल से छुट्टी देकर घर ले आया गया। हालांकि स्वयं सशरीर सुनवाई में उपस्थित न हो पाने को लेकर वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगीं। शुक्रवार को अचानक उन्हें दोबारा ब्रेन स्ट्रोक आया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एसआईआर से जुड़ा भय और मानसिक दबाव ही उनकी मौत का कारण बना है। इस घटना को लेकर इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। कुलपी के विधायक जोगरंजन हालदार ने इसे अत्यंत दुखद घटना बताते हुए कहा कि वे रविवार को मृतका के घर जाकर परिजनों से मुलाकात करेंगे।

SCROLL FOR NEXT