प्रभात संगीत दिवस 
कोलकाता सिटी

प्रभात संगीत दिवस पर गायन, नृत्य व कला प्रतियोगिताएं आयोजित

Ravi

कोलकाता : प्रभात संगीत दिवस की 44वीं वर्षगांठ के अवसर पर आनंद मार्ग प्रचारक संघ की सांस्कृतिक शाखा रेनेसां आर्टिस्ट्स एंड राइटर्स एसोसिएशन (RAWA) की ओर से रविवार को तिलजला स्थित आनंद मार्ग आश्रम में गायन, नृत्य एवं कला की प्री-फाइनल और फाइनल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिताओं में पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा और झारखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आनंद नगर के प्रतिभागियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम का उद्घाटन आनंद मार्ग केंद्रीय समिति के अध्यक्ष आचार्य विकासानंद अवधूत ने किया।

इस अवसर पर केंद्रीय समिति सदस्य आचार्य नारायणानंद अवधूत, केंद्रीय RAWA सचिव आचार्य दिव्यचेतनानंद अवधूत तथा केंद्रीय कार्यालय सचिव आचार्य प्रियशिवानंद अवधूत उपस्थित रहे। रवींद्र भारती विश्वविद्यालय की रवींद्र संगीत की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दुर्बा रॉय चौधरी निर्णायक के रूप में मौजूद थीं।

आचार्य विकासानंद अवधूत ने प्रभात संगीत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि श्री प्रभात रंजन सरकार द्वारा रचित 5018 गीतों का यह संग्रह विभिन्न भाषाओं एवं संगीत शैलियों का समन्वय है। दिनभर चले आयोजन में करीब 800 प्रतिभागी और 1000 अभिभावक शामिल हुए। समापन पर विजेताओं को पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को पदक प्रदान किए गए।

SCROLL FOR NEXT