कोलकाता : प्रसिद्ध संगीत कलाकार और राज्य के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के खिलाफ गायिका ऋद्धि बंद्योपाध्याय ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ऋद्धि का दावा है कि सरकारी कार्यक्रमों में गाने का मौका दिलाने और नौकरी दिलाने के नाम पर कलाकारों से कथित तौर पर “कटमनी” वसूली जाती थी।
सूत्रों के अनुसार, ऋद्धि ने आरोप लगाया कि इंद्रनील सेन और उनकी टीम पहले कलाकारों को कार्यक्रम दिलाते थे, फिर भुगतान की राशि का एक हिस्सा वापस मांगते थे। उनके अनुसार, “अगर किसी कार्यक्रम के लिए 7 हजार रुपये मिलते थे, तो उसमें से 2 हजार रुपये वापस देने के लिए कहा जाता था। संगीतकारों से भी हर कार्यक्रम के बदले पैसे मांगे जाते थे।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकारी संगीत मेलों में भी कथित तौर पर पैसों का खेल चलता था। ऋद्धि के अनुसार, इंद्रनील सेन के करीबी कुछ लोग पूरी प्रक्रिया को संभालते थे और सरकारी नौकरी तथा कार्यक्रमों में अवसर उन्हीं कलाकारों को मिलते थे, जो उनकी खुशामद करते थे। हालांकि, इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए इंद्रनील सेन ने कहा, “इस विषय पर कुछ भी टिप्पणी करना मेरे आत्मसम्मान के खिलाफ है।”
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ता दिख रहा है। कई नेता और कलाकार अब खुलकर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में राज्य के पूर्व मंत्री और गायक इंद्रनील सेन पर कटमनी लेने के इस गंभीर आरोप ने राज्य की राजनीति और संगीत जगत में हलचल मचा दी हैं।